Friday, 24 November 2017

UPTET संशोधित उत्तरकुंजी में गुपचुप दुरुस्त हुआ उत्तर

दैनिक जागरण ने नौ नवंबर के अंक में उठाया गया था प्रकरण

राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद

आखिरकार परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपी टीईटी 2017 की संशोधित उत्तरकुंजी में प्रश्न का गलत उत्तर अब दुरुस्त कर दिया है। ‘दैनिक जागरण’ ने नौ नवंबर के अंक में बाल मनोविज्ञान प्रश्न संख्या 22 का गुपचुप उत्तर बदलने की खबर प्रकाशित की थी। उसका संज्ञान लेकर समय रहते गलती दुरुस्त कर दी गई है। हालांकि परीक्षा नियामक कार्यालय ने पिछली बार की तरह इस बदलाव का एलान नहीं किया लेकिन, उत्तर कुंजी में उत्तर बदला गया है।

उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपी टीईटी 2017 बीते 15 अक्टूबर को हुई थी। इसकी उत्तर कुंजी 18 अक्टूबर को जारी हुई। जिसमें ‘डी’ सीरीज बाल मनोविज्ञान के प्रश्न संख्या 22 का उत्तर सही था। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने अभ्यर्थियों से आपत्तियां लेकर छह नवंबर को संशोधित उत्तरकुंजी जारी की तो इस प्रश्न का जवाब बिना सूचना के बदला था। इस पर अभ्यर्थी कमलजीत कौर ने साक्ष्य के साथ आपत्ति दर्ज कराई थी।

परीक्षा नियामक कार्यालय ने बुधवार को फिर दोबारा संशोधित उत्तरकुंजी जारी की, इसमें बाल मनोविज्ञान के प्रश्न का उत्तर दुरुस्त कर दिया गया है। साथ ही दो अन्य प्रश्नों के उत्तर बदलने का दावा किया गया। इन प्रश्नों को करने वाले अभ्यर्थियों को अब समान अंक मिलेंगे। इसके पहले भी दो प्रश्नों के उत्तर बदले जा चुके हैं। टीईटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों हाईकोर्ट में आठ व 13 प्रश्नों के जवाब सही न होने पर दो अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की थी। इस पर कोर्ट ने 14 दिसंबर तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी को इन प्रश्नों पर निर्णय लेने का निर्देश दिया था। परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने अन्य विशेषज्ञों की राय लेकर 13 की जगह दो प्रश्नों के उत्तरों को गलत मानते हुए उसे दुरुस्त किया है। इससे विवाद और गहराने के आसार हैं। परीक्षा नियामक कार्यालय जल्द ही टीईटी का रिजल्ट देने की तैयारी में जुटा है। माना जा रहा है कि परिणाम आने के बाद भी गलत प्रश्नों का मामला तूल पकड़ेगा। जल्दी परिणाम देने की मुख्य वजह दिसंबर में प्राथमिक स्कूलों में 68500 सहायक अध्यापकों की लिखित परीक्षा होनी है।

UPTET संशोधित उत्तरकुंजी में गुपचुप दुरुस्त हुआ उत्तर Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Rojgar Results